खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से संतुलन बिगड़ा
खिलाड़ियों की चोटों ने आईपीएल टीमों की चिंता बढ़ा दी है। 28 मार्च से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले हर्षित राणा और सैम करन समेत चार खिलाड़ी पूरे सत्र से बाहर हो गए हैं, जबकि 11 खिलाड़ी शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे। इनमें ज्यादातर विदेशी खिलाड़ी हैं। चोटिल खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर की संख्या अधिक है। चोटों का असर सबसे ज्यादा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर है। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पहले दौर के मैचों में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह ईशान किशन को कप्तानी सौंपी गई है।
हेजलवुड का खेलना संदिग्ध
दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क और चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू (आरसीबी) के जोश हेजलवुड का टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में खेलना संदिग्ध है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस पूरे टूर्नामेंट से और ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए शुक्रवार को निराशाजनक खबर आई, जब उसके तेज गेंदबाज ऑलराउंडर सैम करन चोट की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। पंजाब किंग्स और चेन्नई के लिए खेल चुके 27 वर्ष के करन को आईपीएल 2023 सत्र में पंजाब ने उन्हें 18.5 करोड़ रुपये में लिया था, लेकिन चोट के कारण वह बाहर ही रहे। इस साल राजस्थान ने उन्हें ट्रे़ड में कप्तान संजू सैमसन की जगह चेन्नई से अपने साथ जोड़ा था। पंजाब किंग्स की टीम में शामिल न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्यूसन चोटिल नहीं हैं, लेकिन वह अपने परिवार को समय देने के लिए करीब आधे टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो सकेंगे। खिलाड़ियों की चोटों और शुरुआती मैचों से बाहर होने की वजह से फ्रेंचाइजियों का टीम संयोजन गड़बड़ा गया है।
हैदराबाद और कोलकाता सबसे ज्यादा प्रभावित
खिलाड़ियों के बाहर होने का सबसे ज्यादा असर हैदराबाद और कोलकाता पर पड़ा है। हैदराबाद के गेंदबाजी ऑलराउंडर ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, तो कप्तान पैट कमिंस और ईशान मलिंगा पहले दौर के मैचों में नहीं खेल पाएंगे। कमिंस का आगे खेलना भी संदिग्ध है। वह टी20 विश्वकप में भी नहीं खेले थे। कमिंस का ध्यान 2027 वनडे विश्वकप की तैयारी और टेस्ट मैचों पर है। कोलकाता को सबसे बड़ा झटका बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने के कारण लगा था। मुस्तफिजुर की जगह कोलकाता ने जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल किया है। अब हर्षित राणा का पूरे टूर्नामेंट से बाहर होना कोलकाता के लिए बड़ा झटका है। कोलकाता के ही तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को श्रीलंकाई बोर्ड से एनओसी का इंतजार है।
दिल्ली को बड़ा झटका
अपने पहले खिताब के लिए प्रयासरत दिल्ली कैपिटल्स की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है। उसके मुख्य तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शुरुआती चरण में नहीं खेल सकेंगे। अक्षर पटेल की कप्तानी में इस टीम को नए सिरे से अपनी योजनाओं को तैयार करना होगा। वहीं, खिताब की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध आरसीबी के प्रमुख गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे। उनका पूरे टूर्नामेंट में ही खेलना संदिग्ध है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 विश्वकप भी नहीं खेले थे।

AI तकनीक से होगी टिकट चेकिंग की नई शुरुआत
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, दवाइयों की उपलब्धता पर बढ़ी चिंता।
किसानों और मछुआरों के लिए नई योजनाओं का ऐलान।
एक फैसले ने बचा ली कई जिंदगियां